12वीं के बाद बीएससी गणित के चार वर्षीय पाठ्यक्रम में बनाएं सुनहरा करियर
शिक्षण, अनुसंधान, बैंकिंग, डेटा एनालिटिक्स, बीमा, सिविल सेवा, सांख्यिकी सेवा, और आईटी सेक्टर में भी बेहतरीन अवसर
12वीं के बाद बीएससी गणित के चार वर्षीय पाठ्यक्रम में बनाएं सुनहरा करियर
- शिक्षण, अनुसंधान, बैंकिंग, डेटा एनालिटिक्स, बीमा, सिविल सेवा, सांख्यिकी सेवा, और आईटी सेक्टर में भी बेहतरीन अवसर
ओपी वशिष्ठ, रोहतक :
12वीं पास गणित में गहरी रुचि रखने वाले छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर उपलब्ध है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के गणित विभाग में संचालित चार वर्षीय बीएससी (गणित) पाठ्यक्रम में विद्यार्थी प्रवेश लेकर एक मजबूत और व्यावसायिक कॅरियर की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। यह पाठ्यक्रम न केवल शैक्षणिक दृष्टि से समृद्ध है, बल्कि छात्रों को शोध, नवाचार और उद्योग के लिए भी तैयार करता है।
गणित विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुमित गिल ने बताया कि बीएससी गणित चार वर्षीय पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ अनुसंधान, प्रैक्टिकल एप्लीकेशन और उद्योग-आधारित कौशल प्राप्त करने का भी अवसर देता है। इस नूतन एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम में छात्र न केवल पारंपरिक विषय जैसे अंकगणित, रेखागणित, कलन और सांख्यिकी का गहन अध्ययन करते हैं, बल्कि उन्हें डेटा साइंस, मशीन लर्निंग, कंप्यूटेशनल मैथेमेटिक्स और प्रोजेक्ट आधारित लर्निंग जैसे आधुनिक और व्यावसायिक विषयों से भी परिचित कराया जाता है।
कॅरियर की संभावनाएं-
चार वर्षीय बीएससी गणित पाठ्यक्रम के बाद छात्र उच्च शिक्षा के लिए एमएससी, एमटेक (मैथ्स/डाटा साइंस/्रएआई) या पीएचडी कर सकते हैं। इसके अलावा, वे शिक्षण, अनुसंधान, बैंकिंग, डेटा एनालिटिक्स, बीमा, सिविल सेवा, सांख्यिकी सेवा, और आईटी सेक्टर में भी बेहतरीन करियर बना सकते हैं।
मुख्य विशेषताएं-
चौथे वर्ष में रिसर्च प्रोजेक्ट की सुविधा
मल्टीपल एंट्री और एग्ज़िट विकल्प (एनईपी 2020 के अनुसार)
उद्योग से जुड़े इंटर्नशिप और प्रशिक्षण
रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम संरचना
प्रो. सुमित गिल ने कहा कि यह पाठ्यक्रम छात्रों को गणित की मजबूत नींव देता है, जिससे वे आने वाले समय में टेक्नोलॉजी और अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं। इस पाठ्यक्रम में बीएससी गणित चार वर्षीय में 60 सीटें तथा बीएससी गणित चार वर्षीय एसएफएस में 60 सीटें उपलब्ध हैं। एडमिशन प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा। इन सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 2 जून तक किया जा सकता है। पात्रता, नामांकन प्रक्रिया समेत अन्य विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में गणित विभाग में विजिट की जा सकती है। इच्छुक छात्र समय पर आवेदन कर इस उत्कृष्ट अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
-------------