संत महापुरुष सम्मान एवं विचार-प्रसार योजना के तहत आयोजित होगा भगवान परशुराम जन्मोत्सव : धर्मेंद्र सिंह

समारोह के प्रबंधों को लेकर उपायुक्त ने जारी किए आवश्यक दिशा-निर्देश

 18
संत महापुरुष सम्मान एवं विचार-प्रसार योजना के तहत आयोजित होगा भगवान परशुराम जन्मोत्सव : धर्मेंद्र सिंह

संत महापुरुष सम्मान एवं विचार-प्रसार योजना के तहत आयोजित होगा भगवान परशुराम जन्मोत्सव : धर्मेंद्र सिंह

- समारोह के प्रबंधों को लेकर उपायुक्त ने जारी किए आवश्यक दिशा-निर्देश

- अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी की गई निर्धारित

- कार्यक्रम स्थल पर डीसी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तैयारियों बारे लिया जायजा

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने गांव पहरावर में 30 मई को संत महापुरुष सम्मान एवं विचार-प्रसार योजना के तहत भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है। समारोह की तैयारी को लेकर उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और प्रबंधों के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।

धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि समारोह की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई है। उन्होंने मुख्य पंडाल व मुख्य मंच के बारे में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि समारोह में पहुंचने वाले लोगों के बैठने के लिए ब्लॉक वाइज व्यवस्था की जाए। मुख्य मंच के अलावा एक सांस्कृतिक मंच व एक अति विशिष्ट व्यक्तियों के लिए मंच बनाया जाएगा। पहरावर रेलवे स्टेशन के समीप मुख्य मंच बनाया जाएगा। इसके अलावा मीडिया गैलरी के बारे में भी निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल का एक नक्शा तैयार किया जाए। उन्होंने समारोह स्थल पर टैंटेज के लिए भी दिशा निर्देश जारी किए। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी व सामान्य पार्किंग, पेयजल तथा शौचालय आदि के बारे में भी दिशा निर्देश जारी किए गए।

समारोह स्थल का निरीक्षण किया

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समारोह स्थल का निरीक्षण किया। वहां पर पंडाल, मुख्य मंच, वीआईपी रूट व सामान्य पार्किंग स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की समारोह स्थल तक जाने वाले सभी रास्तों को तुरंत प्रभाव से ठीक किया जाए। कार्यक्रम स्थल की लेवलिंग का कार्य तुरंत प्रभाव से आरंभ किया जाए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार (आईएएस), सांपला के एसडीएम उत्सव आनंद (आईएएस), नगराधीश अंकित कुमार, जीएम रोडवेज विपिन कुमार, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता अरुण मुंजाल, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तरूण गर्ग, नायब तहसीलदार दीपक, मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के प्रतिनिधि जयवीर शर्मा, गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के प्राचार्य डा. जयपाल शर्मा, पार्षद प्रवीण कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

--------------