वंदे मातरम के 150 वर्ष स्मरणोत्सव पर देशभक्ति से गुंजायमान हुआ एमडीयू परिसर
– एनएसएस, एनसीसी और यूथ रेड क्रॉस ने मिलकर रचा देशभक्ति और एकता का संगम
वंदे मातरम के 150 वर्ष स्मरणोत्सव पर देशभक्ति से गुंजायमान हुआ एमडीयू परिसर
– एनएसएस, एनसीसी और यूथ रेड क्रॉस ने मिलकर रचा देशभक्ति और एकता का संगम
टीएचटी न्यूज, रोहतक।
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक का परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा, जब विश्वविद्यालय में वंदे मातरम के 150 वर्ष स्मरणोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और यूथ रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का संयोजन एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सविता राठी ने किया, जबकि संचालन में डिप्टी डीन छात्र कल्याण एवं संयोजक प्रो. सोनू देहमिवाल, यूथ रेड क्रॉस कॉर्डिनेटर प्रो. अंजू धीमान और एनसीसी गर्ल्स विंग प्रभारी डॉ. आरती की सक्रिय भूमिका रही।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम" का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के स्वर में गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेरणादायक उद्बोधन सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में वंदे मातरम के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र जागरण में योगदान को रेखांकित करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। “वंदे मातरम” के इतिहास पर आधारित परिचर्चा सत्र भी आयोजन का विशेष आकर्षण रहा, जिसमें छात्रों ने गीत की रचना, अर्थ और स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका पर विचार साझा किए।
एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “वंदे मातरम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा रहा है, जिसने देश को एकता, साहस और स्वाभिमान के सूत्र में बांधा।” उन्होंने कहा कि यह गीत केवल शब्द नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता और आत्मगौरव का प्रतीक है। उन्होंने एनएसएस, एनसीसी और यूथ रेड क्रॉस की संयुक्त पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सेवा, समर्पण और देशभक्ति की भावना को और प्रबल बनाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों में (रिटायर्ड) सूबेदार मेजर राजबीर सिंह, प्रो. दिव्या मल्हान (निदेशक, सीसीपीसी), डॉ. अंजू पंवार, डॉ. एकता नरवाल, डॉ. गुरुदयाल, डॉ. मीनाक्षी हुड्डा, डॉ. स्वाति, डॉ. प्रीति, डॉ. शैरी, डॉ. नीतू, डॉ. अभिमन्यु मलिक, डॉ. अनिल पांडे, डॉ. मनीषा, और संदीप (एनएसएस कर्मचारी) सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स तथा यूथ रेड क्रॉस सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन हरियाणा राज्य गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। दिनभर चले इस आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव और देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।
----------------