एक पेड़ आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य की अमूल्य विरासत : सुभाष बराला
- 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत महम कॉलेज परिसर में लगाए गए 1,000 पौधे, विद्यार्थियों को भी वितरित किए गए पौधे
एक पेड़ आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य की अमूल्य विरासत : सुभाष बराला
- 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत महम कॉलेज परिसर में लगाए गए 1,000 पौधे, विद्यार्थियों को भी वितरित किए गए पौधे
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ जीवन और बेहतर भविष्य की अमूल्य विरासत हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के दौर में अधिक से अधिक पौधारोपण और उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
बराला गुरुवार को महम स्थित राजकीय महाविद्यालय में जिला प्रशासन और वन विभाग की ओर से आयोजित 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने विद्यार्थियों के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल के घरौंडा से वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उनका संबोधन प्रसारित किया गया।
सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रत्येक सार्वजनिक कार्यक्रम को पौधारोपण से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति और वृक्षों के प्रति सम्मान की गौरवशाली परंपरा रही है। तीज-त्योहारों से लेकर धार्मिक आयोजनों तक वृक्षों की पूजा की जाती रही है। उन्होंने अमृता देवी और बिश्नोई समाज के पर्यावरण संरक्षण के लिए दिए गए बलिदान का उल्लेख करते हुए लोगों से इस परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे जन्मदिन, परिवार के विशेष अवसरों और पूर्वजों की स्मृति में एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके पेड़ बनने तक देखभाल करें। कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से आयोजित इको क्विज और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं के साथ-साथ वृक्षारोपण में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में 1,000 पौधे लगाए गए, जबकि विद्यार्थियों को भी 1,000 पौधे वितरित किए गए।
पौधारोपण को जीवनशैली बनाने का आह्वान
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि पौधारोपण केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से परिवार और समाज में अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
वृक्षों का वैज्ञानिक और सांस्कृतिक महत्व बताया
पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु ने पौधों में जीवन होने संबंधी महत्वपूर्ण शोध किए थे। उन्होंने बरगद, पीपल और नीम की त्रिवेणी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारतीय समाज की दूरदर्शी पर्यावरणीय सोच का उदाहरण है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मुख्य अतिथि सुभाष बराला को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका, भाजपा प्रदेश सचिव रेनू डाबला, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, महम नगर पालिका चेयरपर्सन भारती पंवार, मंडल वन संरक्षक सुंदर लाल सांभरिया, एसडीएम विपिन कुमार, प्राचार्या डॉ. मीनू नैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
-----------