राष्ट्रीय खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत पर खेल राज्यमंत्री बोले—“देश ने खो दिया एक हीरा”

- खेल मंत्री गौरव गौतम ने लाखनमाजरा पहुंचे, पीड़ित परिवार से की मुलाकात

 14
राष्ट्रीय खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत पर खेल राज्यमंत्री बोले—“देश ने खो दिया एक हीरा”

राष्ट्रीय खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत पर खेल राज्यमंत्री बोले—“देश ने खो दिया एक हीरा”

- खेल मंत्री गौरव गौतम ने लाखनमाजरा पहुंचे, पीड़ित परिवार से की मुलाकात

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

लाखनमाजरा के राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत पर हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री गौरव गौतम ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे ने पूरे प्रदेश और देश को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि हार्दिक जैसा प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश की धरोहर था और उसकी असामयिक मृत्यु से देश ने एक होनहार हीरा खो दिया है।

राज्यमंत्री गौरव गौतम बुधवार को लाखनमाजरा स्थित हार्दिक राठी के निवास स्थान पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत खिलाड़ी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और आश्वस्त किया कि सरकार परिवार के साथ खड़ी है तथा हर संभव आर्थिक और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

ज़िम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया — गौतम

मीडिया से बातचीत में गौतम ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि इस हादसे के लिए प्रारंभिक तौर पर जिम्मेदार पाए गए अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और आगे की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि खेल मैदानों और स्टेडियमों में खिलाड़ियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

खेल मैदानों के रखरखाव पर 600 करोड़ का खर्च—सरकार

खेल राज्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में लगभग 600 करोड़ रुपये स्टेडियमों और खेल मैदानों के रखरखाव पर खर्च किए हैं।

वर्तमान में भी सरकार ने विभिन्न खेल परिसरों के लिए बड़े बजट आवंटित किए हैं—

PWD को 150 करोड़ रुपये रखरखाव के लिए जारी

रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर के रखरखाव हेतु 18 करोड़ रुपये स्वीकृत

गौतम ने कहा कि सरकार खेल मैदानों को सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि भविष्य में किसी भी खिलाड़ी को असुरक्षित परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।

स्थानीय नेताओं की मौजूदगी

दौरे के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, दीपक निवास हुड्डा, रमेश बोहर, ब्लॉक समिति सदस्य प्रशांत रांगी, मंडल अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, सांपला मार्केट कमेटी चेयरमैन उदयभान मलिक, महम मार्केट कमेटी चेयरमैन कैप्टन ईश्वर शर्मा और अन्य सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

----------