मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा को मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा
- प्रदेश में किसी एक बड़े पार्क का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा जाएगा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा को मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा
- प्रदेश में किसी एक बड़े पार्क का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा जाएगा
- समाज की संस्था को 51 लाख रुपये देने की भी की घोषणा
- भगवान परशुराम पराक्रमी योद्धा, वेदों के ज्ञाता और महान समाज सुधारक थे - मुख्यमंत्री
- भगवान परशुराम जी के आदर्श और संदेश हमें सही मार्ग पर चलने की देते हैं प्रेरणा
ओपी वशिष्ठ, रोहतक :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला के गांव पहरावर में गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा को कैंपस-3 के शिक्षण संस्थानों के निर्माण कार्यों हेतु प्रदेश सरकार की ओर से मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जितना पैसा समाज इन संस्थानों के लिए एकत्रित करेगा, उससे ज्यादा की राशि हरियाणा सरकार द्वारा मैचिंग ग्रांट के रूप में प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में किसी एक बड़े पार्क का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं शुक्रवार को जिला रोहतक के गांव पहरावर में भगवान परशुराम के जन्मोत्सव में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने समाज की संस्था को 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा रखी गई अन्य मांगों को भी विभागों को भेजकर उनकी फिजिबिलिटी चैक करवाकर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का काम किया जाएगा।
सीएम ने किया 9 परियोजनाओं क उद्धाटन और शिलान्यास
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने 61 करोड़ 23 लाख रुपये लागत की कुल 9 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 54 करोड़ 26 लाख रुपये लागत की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 6 करोड़ 97 लाख रुपये लागत की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है। मुख्यमंत्री ने गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के पांच विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया, जिनमें भगवान परशुराम पब्लिक स्कूल, भगवान परशुराम कानून संस्थान, गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा का कैंपस नंबर 3, भगवान परशुराम की प्रतिमा तथा भगवान परशुराम महिला नर्सिंग कॉलेज शामिल है। नायब सिंह सैनी ने भगवान परशुराम जयंती, सिख गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस और अरूट महाराज की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सभी महापुरुषों ने धर्म की स्थापना, सामाजिक एकता, सद्भाव और संस्कृति के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया। इनकी जीवन यात्रा हम सभी को सदा धर्म पथ पर चलने और मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
भगवान परशुराम पराक्रमी योद्धा, वेदों के ज्ञाता और महान समाज सुधारक थे :-
भगवान परशुराम को पराक्रमी योद्धा, वेदों के ज्ञाता और एक महान समाज सुधारक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने ब्राह्मण होते हुए भी शस्त्र धारण कर अन्याय और अधर्म का नाश किया। भगवान परशुराम का जीवन हमें यही संदेश देता है कि ज्ञान और बल का संतुलन ही समाज को सही दिशा में आगे ले जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भूमि वीरता, विद्या और परंपरा की जननी रही है। भगवान परशुराम ने कहा था कि धर्म की रक्षा के लिए यदि शस्त्र भी उठाना पड़े तो वह भी तपस्या का ही एक रूप है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत - विकसित हरियाणा बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं तो भगवान परशुराम जी के आदर्श और उनके संदेश हमें सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज जब हम विकसित भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसे महत्त्वाकांक्षी अभियान आगे बढ़ा रहे हैं, तो हम सभी को भगवान परशुराम के संकल्प के समान दृढ़ प्रण लेकर भारत को पुन: विश्वगुरु बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जांबाज सैनिकों ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को किया ध्वस्त :-
नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान परशुराम ने किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि समाज हित में, धर्म की रक्षा के लिए, अन्याय का नाश किया। इसी प्रेरणा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेनाओं ने पहलगाम की निंदनीय घटना के बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत टारगेट तरीके से किसी आम व्यक्ति को नुकसान न पहुंचाते हुए पाकिस्तान में जहां आतंकवाद पनपता था, उन ठिकानों को मिट्टी में मिलाने का काम किया है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि कोई हमें छेड़ेगा, तो हम उसको नहीं छोड़ेंगे।
कैथल में मेडिकल कॉलेज का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा गया :-
प्रदेश सरकार द्वारा ब्राह्मण समाज के कल्याण एवं उत्थान के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम की शिक्षाओं और आदर्शों से नई पीढिय़ों को प्रेरित करने के लिए कैथल में मेडिकल कॉलेज का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा है। इसके अलावा, सरकार ने भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर राजपत्रित अवकाश का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहरावर गांव में 2013 से चले आ रहे गौड़ ब्राह्मण कॉलेज की जमीन के विवाद को भी सुलझाया है। गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेद कॉलेज में बीएमएस की 100 सीटों को भी मंजूरी दी और इसकी कक्षाएं भी शुरू हो गई। भगवान परशुराम के नाम पर सरकार ने डाक टिकट भी जारी किया है। इसके अलावा, करनाल में ब्राह्मण धर्मशाला के लिए जमीन आवंटित की है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर निहित भगवान परशुराम जी के साहस और सेवा के गुणों को पहचानें और उन्हें जागृत करते हुए विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में अपना योगदान दें।
ब्राह्मण समाज का उद्देश्य है नैतिकता और उच्च आदर्श स्थापित करना - डॉ अरविंद शर्मा
सहकारिता और विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसानों, मजदूरों, गरीबों के हितैषी और 36 बिरादरी के नेता हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण सभी समाज के लिए होते हैं, इसलिए आज के इस कार्यक्रम में सर्व समाज के लोगों की भागीदारी हुई है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण का मुख्य काम समाज में नैतिकता के स्तर को ऊंचा उठाना और भारत की परम्पराओं में ऊंचे आदर्शों को स्थापित करना रहा है। भगवान परशुराम इस बात का श्रेष्ठ उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि आज जिस स्थान पर यह कार्यक्रम हो रहा है, इसकी भव्यता और बढ़ गई है और इस परिसर में भगवान परशुराम जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष समाज की अन्य मांगों को भी रखा।
भगवान परशुराम महान योद्धा, सनातन धर्म और संस्कृति के रक्षक थे- मोहन लाल कौशिक
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने भगवान परशुराम को नमन करते हुए कहा कि भगवान परशुराम न केवल एक महान योद्धा थे, बल्कि वे सनातन धर्म और संस्कृति के रक्षक भी थे। उन्होंने अन्याय और अधर्म के खिलाफ आवाज उठाई और समाज में समानता व न्याय की स्थापना की। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया जिन्होंने विवादित जमीन का समाधान किया। उन्होंने कहा कि यहां पर बनने वाले शिक्षण संस्थान में 36 बिरादरी के बच्चों को शिक्षा का लाभ मिलेगा और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक अहम कदम है।
मुख्यमंत्री व अन्य अतिथिगण का किया गया नागरिक अभिनंदन :-
जिला के गांव पहरावर में आयोजित भगवान परशुराम जयंती के राज्य स्तरीय समारोह में समारोह के मुख्य अतिथि व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कार्यक्रम के अध्यक्ष व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक तथा अन्य अतिथिगण का गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा तथा प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा द्वारा नागरिक अभिनंदन किया गया। पहरावर के गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री का महामाला से भी स्वागत किया गया। विद्या प्रचारिणी सभा की ओर से प्रशासक आशीष वशिष्ठ ने सभी अतिथिगण का स्मृतिचिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने मैराथन दौड़ का विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली प्रदेश की 15 वर्षीय छात्रा सानिया पांचाल, एथलेटिक हिमांशी पंघाल को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
मध्य प्रदेश में भगवान परशुराम के जन्म स्थल को धार्मिक तीर्थ के रूप में किया जा रहा है विकसित :- मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने भगवान परशुराम जयंती के राज्य स्तरीय समारोह को सामाजिक समरसता का संगम बताते हुए कहा कि भगवान परशुराम ने सनातन परंपरा को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने हमेशा अधर्म व अन्याय के विरुद्ध लड़ाई लड़ी तथा समाज को नई दिशा दिखाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मनोज यादव भगवान परशुराम के जन्म स्थल जानापाव को धार्मिक स्थल के रूप में विकसित कर रहे है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सनातन परंपरा को मजबूत करते हुए धार्मिक स्थलों व मंदिरों का पुनरुद्धार किया जा रहा है।
भगवान परशुराम के पदचिन्हों पर चलते हुए सर्व समाज को बढ़ाये आगे :- विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि भगवान परशुराम ने अन्याय व अधर्म के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को नई दिशा दिखाई। हमें इनके पदचिन्हों पर चलते हुए सर्व समाज को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप एवं भगवान परशुराम महान संत व समाज सुधारक रहे है। उन्होंने मानव कल्याण व धर्म की रक्षा के लिए जीवन पर्यंत कार्य किया है।
संत महापुरुषों की जयंतियों को राज्य स्तर पर मनाकर सरकार घर-घर पहुंचा रही है उनकी शिक्षाएं :- जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा
प्रदेश के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत महात्मा सर्व समाज के लिए होते है। उन्होंने युवाओं का आह्वïान किया कि वे देश व धर्म की रक्षा के लिए आगे बढक़र आए तथा अपना पूर्ण योगदान दें। सरकार द्वारा महापुरुषों की शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए राज्य स्तर पर महापुरषों की जयंतियां मनाई जा रही है।
युवाओं व खिलाडिय़ों को मिलेगा हर संभव सहयोग :- गौरव गौतम
प्रदेश के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं व खिलाडिय़ों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 36 बिरादरी के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे है। संत महात्माओं की शिक्षाओं व संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। भगवान परशुराम ने हमेशा अन्याय व अधर्म के विरुद्ध आवाज उठाई।
भगवान परशुराम ने शस्त्र व शास्त्र के माध्यम से समाज की कुरीतियों को किया दूर : रामचंद्र जांगड़ा
राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि भगवान परशुराम ने शस्त्र व शास्त्र के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के अनुसार ज्ञान के बिना शक्ति तथा शक्ति के बिना ज्ञान का अर्थ पूर्ण नहीं है। उन्होंने कहा कि 36 बिरादरी के आपसी प्रेम व भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में हमेशा कार्य किया जाए।
बॉक्स :-
भगवान परशुराम ने अपने जीवन के दौरान 21 बार आतंकियों का किया सफाया :- पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा
पूर्व मंत्री व भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान परशुराम ने 21 बार पृथ्वी से आतंकियों का सफाया किया। उन्होंने कहा कि परशुराम का फरसा आधुनिक युग के परमाणु बम के समान था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम में पर्यटकों की निर्मम हत्या का बदला लेने के लिए ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंक के ठिकानों को ध्वस्त किया। भारतीय सेना ने शौर्य का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों पर कई परहार किए। उन्होंने कहा कि विश्व शांति की भारत की प्राचीन परम्परा रही है।
भगवान परशुराम ने 36 बिरादरी के कल्याण के लिए किया कार्य :- सांसद मनोज तिवारी
दिल्ली से लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि भगवान परशुराम के जीवन से प्रेरणा लेकर 36 बिरादरी के कल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लें। उन्होंने हमेशा गरीब व्यक्तियों को न्याय दिलवाने के लिए कार्य किया तथा अन्याय के विरुद्ध संघर्ष किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी सभी के सहयोग से देश को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर प्रयासरत है। मंच का संचालन जनेंद्र सिंह व वैद्य कृष्ण वशिष्ठ ने किया।
ये रहे मौजूद :-
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल कौशिक, मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, संगठन मंत्री सुरेंद्र पुनिया, समारोह के आयोजक एवं सहकारिता, कारागार, निर्वाचन एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, खेल एवं युवा राज्य मंत्री गौरव गौतम, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, उत्तर प्रदेश से सांसद सतीश गौतम, दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा, पूर्व सांसद जनरल डीपी वत्स, विधायक पवन खरखोदा, देवेंद्र अत्री, रणधीर पनिहार, घनश्याम सराफ, मुकेश शर्मा, पंडित सुनील भराला, पूर्व विधायक टेकचंद एवं लतिका शर्मा, महंत बाबा कपिल पुरी, भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, रोहतक के मेयर राम अवतार वाल्मीकि, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी शमशेर खरक, रेनू डाबला, नागेंद्र शर्मा, नरेंद्र वत्स, राजकुमार कपूर, पवन पहलवान सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व जिला प्रशासन के उच्चाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
-----------------