ओमेक्स सिटी द्वारा दो माह में लंबित मूल राशि का किया जाए भुगतान :मंत्री कृष्ण लाल पंवार
ओमेक्स सिटी द्वारा दो माह में लंबित मूल राशि का किया जाए भुगतान :मंत्री कृष्ण लाल पंवार
- समिति को गुमराह करने वाले शिकायतकर्ता के विरुद्ध होगी कार्रवाई
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीण क्षेत्र में गरीबों को मालिकाना हक देने का लिया निर्णय
- ग्रामीण क्षेत्र में शामताल भूमि पर 20 वर्ष पुराने 500 वर्गगज तक के मकानों को किया जा रहा है नियमित
- विकास कार्यों में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जाए सुनिश्चित
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने स्थानीय ओमेक्स सिटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लंबित मूल राशि का दो माह में भुगतान करना सुनिश्चित करें अन्यथा ओमेक्स सिटी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि ओमेक्स सिटी पर बेवजह अतिरिक्त चार्ज लगाया गया है, तो उसे वापिस करवाया जाएगा। उन्होंने स्थानीय कमला नगर निवासी प्रदीप कुमार की अनुपस्थिति व आपसी समझौते के संदर्भ में कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा इस मामले की जांच की जाए और यदि शिकायतकर्ता ने समिति को गुमराह किया है तो उनके खिलाफ धारा 182 के तहत कार्रवाई की जाए। कृष्ण लाल पंवार स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
13 शिकायतें रखी, 6 की रिपोर्ट देने प्रस्तुत करने के निर्देश
इस समिति की बैठक में 13 शिकायतें रखी गई थी, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया गया तथा अन्य 6 शिकायतों के संदर्भ में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। विकास एवं पंचायत मंत्री ने शिकायतकर्ता यशवीर इत्यादि की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि ओमेक्स सिटी द्वारा लंबित बिजली बिल की राशि, 33 केवी सब स्टेशन पावर हाउस इत्यादि के कार्य के लंबित राशि का दो माह में भुगतान करवाया जाए। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा ओमेक्स में रह रहे नागरिकों को लंबित राशि का भुगतान करने पर व्यक्तिगत बिजली मीटर जारी करने बारे कहा गया है। ओमेक्स द्वारा 72 लाख रुपए से अधिक लंबित बिजली बिल का भुगतान करना है तथा 5 करोड़ रुपए से अधिक की राशि बैंक गारंटी के तौर पर जमा करवानी है। ओमेक्स सिटी द्वारा भूमि का मालिकाना हक ट्रांसफर कर दिया गया है।
अवैध फैक्टरी बंद करने का मामला
विकास एवं पंचायत मंत्री ने कमला नगर निवासी प्रदीप कुमार की रिहायशी कॉलोनी में अवैध रूप से चलाई जा रही फैक्ट्री को बंद करवाने से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि यदि शिकायतकर्ता ने आपसी समझौता कर लिया है तो समिति को गुमराह करने के लिए उनके विरुद्घ कार्रवाई की जाए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। गांव रिठाल नरवाल ग्राम पंचायत के सरपंच की नाजायज कब्जे हटवाने बारे शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गांव का दौरा कर वास्तविक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्र में 20 वर्ष से अधिक से शामलात भूमि पर मकान बनाकर रहने वाले लोगों को मालिकाना हक देने का निर्णय लिया गया है। यदि ऐसे मकान 500 वर्गगज भूमि में गत 20 वर्ष से बने है तथा इन मकानों का निर्माण तालाब या रास्ते की भूमि पर न किया गया हो। उन्होंने कहा कि ऐसे मकानों को निर्धारित कलेक्टर रेट जमा करवाकर नियमित करने की शक्तियां विभाग के महानिदेशक को सौंपी गई है। उन्होंने गिरावड़ निवासी सुनील कुमार की पंचायती जमीन पर अवैध कब्जा से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि वे संबंधित कब्जा धारकों की रिपोर्ट मुख्यालय भिजवाएं। इन सभी व्यक्तियों ने मालिकाना हक के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय द्वारा निर्णय लेने तक इनके खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए।
शिक्षक को किया निलंबित
कृष्ण लाल पंवार ने स्थानीय कैलाश कॉलोनी निवासी सुनीता शर्मा की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि मामले की जांच पड़ताल के उपरांत आरोपी अध्यापक सुनील पुत्र रामचंद्र को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है तथा गलत जाति के प्रमाण पत्र के आधार पर प्राप्त किए गए जेबीटी डिप्लोमा को रद्द करने के लिए एनसीईआरटी को लिखा गया है। उन्होंने खेड़ी सांपला निवासी आनंद कुमार की शिकायत की सुनवाई करते हुए शिकायतकर्ता की अनुपस्थिति के संदर्भ में पुलिस अधीक्षक से कहा कि शिकायतकर्ता को ढ़ूंढे। शिकायतकर्ता द्वारा लोक निर्माण विभाग की सडक़ पर अवैध कब्जे बारे शिकायत दी थी, जिससे विभाग के कार्यकारी अभियंता ने कहा कि यह कब्जा निजी भूमि पर है।
खेतों के रास्ते में घटिया निर्माण सामग्री की शिकायत
विकास एवं पंचायत मंत्री ने गांव गुढान निवासी सुरेश की शिकायत के संदर्भ में अतिरिक्त उपायुक्त तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी से कहा कि वे खेतों के कच्चे रास्ते को पक्का करने में प्रयुक्त की गई ईटों की गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा ईटों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भिजवाए गए है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कृष्ण लाल पंवार ने महम के वार्ड नंबर 4 निवासी ज्ञानों देवी की शिकायत की सुनवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक को स्वयं इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा सभी के साथ पूरा न्याय होगा। उपायुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति के अध्यक्ष तथा विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार का अभिभावदन करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा हर नागरिक की शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर स्थानीय विधायक भारत भूषण बत्तरा, कलानौर की विधायक शकुंतला खटक, महापौर रामअवतार वाल्मीकि, नगर निगम आयुक्त धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधीश उत्सव आनंद एवं दलबीर फोगाट, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कौशिक, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त भूपेंद्र सिंह, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की संपदा अधिकारी श्वेता सुहाग, नगराधीश अंकित कुमार, परिवहन महाप्रबंधक विपिन कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सुखबीर सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, रमेश भाटिया, रेनू डाबला, दीपक हुड्डा, नवीन ढुल, डॉ. अशोक रंगा, राजबीर आर्य, सुखबीर चंदोलिया, गुलशन निझावन, वीर सिंह हुड्डा, प्रेम हुड्डा, अनीता बुधवार, सुरेश किराड़, सतीश चौधरी, कुलविंद्र सिंह सिक्का सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
----------------