सुपवा के छात्रों ने OTT पर मचाई धूम, ‘सपने वर्सेज एवरीवन-2’ में दिखा अभिनय का दम
- अमेजन प्राइम पर रिलीज वेब सीरीज में डीएलसीसुपवा के चार छात्रों को मिला मौका, अभिनय और निर्देशन दोनों में छोड़ी
सुपवा के छात्रों ने OTT पर मचाई धूम, ‘सपने वर्सेज एवरीवन-2’ में दिखा अभिनय का दम
अमेजन प्राइम पर रिलीज वेब सीरीज में डीएलसीसुपवा के चार छात्रों को मिला मौका, अभिनय और निर्देशन दोनों में छोड़ी छाप
टीएचटी न्यूज, रोहतक
दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा), रोहतक के छात्रों ने एक बार फिर मनोरंजन जगत में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। अमेजन प्राइम पर 1 मई को रिलीज हुई वेब सीरीज ‘सपने वर्सेज एवरीवन’ के दूसरे सीजन में विश्वविद्यालय के चार छात्रों ने अपनी अभिनय क्षमता से दर्शकों का ध्यान खींचा है।
वेब सीरीज के निर्देशक, लेखक और मुख्य अभिनेता अंबरीश वर्मा ने डीएलसीसुपवा के 2015 एक्टिंग बैच के दिव्यांश देशवाल, गिरीश कत्याल, जतिन सरीन और 2021 बैच के अमन अहलावत को अलग-अलग भूमिकाओं के लिए चुना। इनमें दिव्यांश, गिरीश और अमन रोहतक जिले से संबंध रखते हैं, जबकि जतिन सरीन दिल्ली निवासी हैं।
सीरीज में दिव्यांश देशवाल सपोर्टिंग एक्टर के रूप में नजर आए हैं। वहीं गिरीश कत्याल ने अभिनय के साथ-साथ असिस्टेंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी निभाई। जतिन सरीन ने हीरोइन के मंगेतर ‘सोनू’ का किरदार निभाया है, जबकि अमन अहलावत मुख्य किरदार के बेटे की भूमिका में दिखाई दिए हैं।
आशीष नेहरा बने छात्रों के लिए प्रेरणा
वेब सीरीज के पहले सीजन में डीएलसीसुपवा के पूर्व छात्र और वर्तमान असिस्टेंट प्रोफेसर आशीष नेहरा ने ‘रतन’ का किरदार निभाया था। रोहतक निवासी आशीष के अभिनय से प्रभावित होकर अंबरीश वर्मा ने सुपवा के छात्रों की प्रतिभा के बारे में और जानकारी ली। इसके बाद दूसरे सीजन में विश्वविद्यालय के चार छात्रों को अभिनय के अवसर मिले।
फिल्म और OTT इंडस्ट्री में बढ़ रही पहचान
दिव्यांश देशवाल पहले भी कई एड फिल्म, म्यूजिक वीडियो और शॉर्ट फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। वे खच्चर, लाइसेंस और वीर किसान जैसी फिल्मों में प्रमुख भूमिकाएं निभा चुके हैं।
गिरीश कत्याल अभिनय के साथ निर्देशन क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वे लाइसेंस, बेवफाइयां, उड़ान की आशा, कॉलेज कांड और वेलापंती जैसे प्रोजेक्ट्स में निर्देशन टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
जतिन सरीन ने फराज, दिल्ली क्राइम-3, गरमी और जो तेरा है वो मेरा है जैसी चर्चित फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया है।
वहीं अमन अहलावत कई OTT प्रोजेक्ट्स में अभिनय कर चुके हैं। एक गुजराती शॉर्ट फिल्म में दिव्यांग बच्चे की भूमिका निभाने के बाद उन्हें खास पहचान मिली।
सुपवा के इन छात्रों की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि हरियाणा की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय और डिजिटल मंचों पर अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।
------------