हरियाणा के खिलाड़ी देश का भविष्य: कृष्ण लाल पंवार
- एमडीयू में 50वीं वार्षिक एथलेटिक मीट का उत्साहपूर्ण शुभारंभ, विश्वविद्यालय को 11 लाख रुपये देने की घोषणा**
हरियाणा के खिलाड़ी देश का भविष्य: कृष्ण लाल पंवार
- एमडीयू में 50वीं वार्षिक एथलेटिक मीट का उत्साहपूर्ण शुभारंभ, विश्वविद्यालय को 11 लाख रुपये देने की घोषणा**
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पूरे देश की उम्मीदें हरियाणा के खिलाड़ियों पर टिकी हैं। देश के 50 प्रतिशत से अधिक मेडल हरियाणा जैसी छोटी आबादी वाले राज्य के खिलाड़ी दिलाते हैं, जो न केवल प्रदेश बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री एमडीयू में 50वीं वार्षिक एथलेटिक मीट का शुभारंभ कर रहे थे, जहां उनके आगमन पर खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया पहल ने देश में नई खेल संस्कृति को जन्म दिया है और हरियाणा ने इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग 50 प्रतिशत मेडल अपने नाम किए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की प्रगतिशील खेल नीति के कारण आज खिलाड़ी आर्थिक रूप से सुरक्षित भविष्य देख पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं को 6 करोड़, रजत विजेताओं को 4 करोड़ तथा कांस्य विजेताओं को 2.30 करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान करती है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को नौकरी देने, प्रशिक्षण के लिए 5 लाख रुपये की सहायता और सरकारी नौकरियों में 3 प्रतिशत आरक्षण जैसी योजनाएँ खेल प्रतिभाओं को नई ऊर्जा देती हैं।
कैबिनेट मंत्री ने यह घोषणा भी की कि लड़कों की तर्ज पर अब लड़कियों के लिए भी प्रो-कबड्डी लीग शुरू करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने एमडीयू की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए खेल अधोसंरचना के विकास के लिए 11 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। पंवार ने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट होने पर ही खिलाड़ी सफलता की ऊँचाइयों को छू सकते हैं और एमडीयू के छात्र इस दिशा में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कर रहे एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रस्तर पर अपनी खेल पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने कहा कि एमडीयू अंतर्राष्ट्रीय मानकों की खेल सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत है और प्रदेश सरकार से मिलने वाले मार्गदर्शन व सहयोग से यह दिशा और मजबूती से आगे बढ़ रही है।
कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन एमडीयू के एथलेटिक कोच डॉ. रमेश सिंधु द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर खेल निदेशक एवं खेल परिषद सचिव डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि खेल परिषद की अध्यक्षा डॉ. राजवंती शर्मा ने मीट की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इस बार की एथलेटिक मीट में एमडीयू के विभिन्न विभागों तथा संबद्ध महाविद्यालयों के लगभग 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में सीआरए कॉलेज सोनीपत के शिव तोमर ने पुरुष 1500 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। महिला 1500 मीटर में टीका राम गर्ल्स कॉलेज की स्नेहा ने बाज़ी मारी। वहीं, डिस्कस थ्रो महिला वर्ग में जाट कॉलेज रोहतक की श्वेता पहले स्थान पर रहीं।
एथलीट माही नांदल ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय अधिकारी, प्रो. भगत सिंह राठी, डॉ. तेजपाल, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
-------------