अंडर-11 बैडमिंटन में चमका रोहतक का मनवीर पूनिया, सिंगल और डबल दोनों खिताब किए अपने नाम
- ओलंपिक मेडल जीतने का सपना लेकर रोज 6-7 घंटे अभ्यास कर रहा छठी कक्षा का खिलाड़ी; फास्टफूड और मोबाइल से दूरी बनाकर खेल पर पूरा फोकस
अंडर-11 बैडमिंटन में चमका रोहतक का मनवीर पूनिया, सिंगल और डबल दोनों खिताब किए अपने नाम
- ओलंपिक मेडल जीतने का सपना लेकर रोज 6-7 घंटे अभ्यास कर रहा छठी कक्षा का खिलाड़ी; फास्टफूड और मोबाइल से दूरी बनाकर खेल पर पूरा फोकस
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
रोहतक के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी मनवीर पूनिया ने 22 से 26 मई तक आयोजित जिला स्तरीय अंडर-11 बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगल और डबल दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया है। छोटी उम्र में लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर मनवीर अब जिले में उभरते हुए खिलाड़ियों में गिने जाने लगे हैं।
मनवीर वर्ष 2021 से बैडमिंटन का अभ्यास कर रहा है। वर्तमान में वह रोहतक की एवेंजर अकेडमी में प्रशिक्षण ले रहा है, जबकि खेल की शुरुआत उसने छोटूराम स्टेडियम स्थित बैडमिंटन अकेडमी से की थी। मनवीर रोज सुबह और शाम मिलाकर करीब छह से सात घंटे कोर्ट पर अभ्यास करता है। कम उम्र में हासिल की गई इस उपलब्धि ने मनवीर पूनिया को जिले के उभरते हुए बैडमिंटन खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर दिया है और आने वाले समय में उनसे बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं।
मनवीर के पिता सोमबीर पूनिया बेटे के खेल करियर को संवारने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। मूल रूप से झज्जर जिले के गांव खुड्डन निवासी सोमबीर पूनिया बेटे को बेहतर सुविधाएं दिलाने के उद्देश्य से परिवार सहित रोहतक के सेक्टर-2 में शिफ्ट हुए। पेशे से बिजनेसमैन सोमबीर पूनिया लंबे समय से बेटे के अभ्यास और प्रतियोगिताओं में लगातार साथ रहते हैं। उनकी मां प्रियंका गृहणी हैं और परिवार का पूरा सहयोग मनवीर को मिल रहा है।
ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतने का लक्ष्य
सालावास सर्वोदय स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ने वाले मनवीर का सपना देश के लिए ओलंपिक मेडल जीतना है। वह डेनमार्क के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी विक्टर एक्सलसन और भारतीय कोच पुलेला गोपीचंद को अपना आदर्श मानते हैं। हालांकि लक्ष्य अभी दूर है, लेकिन मनवीर का मानना है कि मेहनत और अनुशासन से हर सपना पूरा किया जा सकता है।
फास्टफूड और मोबाइल से दूरी
खेल के प्रति समर्पण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मनवीर खुद को फिट रखने के लिए फास्टफूड से दूरी बनाए रखते हैं और घर का बना खाना पसंद करते हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन का उपयोग भी बेहद सीमित रखते हैं ताकि खेल पर पूरा फोकस बना रहे।
सफलता का श्रेय कोच और एसोसिएशन के पदाधिकारियों को
अपनी सफलता का श्रेय मनवीर ने अपने कोच हेमंत पटेल, साहिल नांदल और प्रवेश कादयान को दिया। वहीं हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष यशपाल पंवार और भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन के उपप्रधान अजय सिंघानिया का भी उन्होंने मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया।
------------