एशियन गेम्स ट्रायल में विनेश फोगाट का सफर थमा, सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत से 6-4 से हारीं

- दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचीं विनेश; क्वार्टरफाइनल में विवाद और रेफरी के फैसले पर हंगामा भी हुआ

 39
एशियन गेम्स ट्रायल में विनेश फोगाट का सफर थमा, सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत से 6-4 से हारीं

एशियन गेम्स ट्रायल में विनेश फोगाट का सफर थमा, सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत से 6-4 से हारीं

- दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचीं विनेश; क्वार्टरफाइनल में विवाद और रेफरी के फैसले पर हंगामा भी हुआ

टीएचटी न्यूज, रोहतक / नई दिल्ली

लंबी जद्​दोजहद और कानूनी प्रक्रियाओं के बीच पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद पहली बार प्रतिस्पर्धी कुश्ती में उतरीं ओलिंपियन विनेश फोगाट का एशियन गेम्स 2026 चयन ट्रायल में सफर सेमीफाइनल में समाप्त हो गया। 53 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में जींद की उभरती पहलवान मीनाक्षी गोयत ने उन्हें 6-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को आयोजित ट्रायल के शुरुआती दौर में विनेश ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में उन्होंने हिसार की जूनियर वर्ल्ड गोल्ड मेडलिस्ट ज्योति सिहाग को 7-1 से हराया। इसके बाद क्वार्टरफाइनल में उनका मुकाबला जींद की नीशू से हुआ, जहां उन्हें कड़े संघर्ष के बाद 7-6 से जीत मिली।

क्वार्टरफाइनल मुकाबला विवादों में भी रहा। शुरुआत में नीशू ने विनेश को पटखनी देकर बढ़त बनाई, लेकिन विनेश ने वापसी करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। इसी दौरान रेफरी के फैसलों को लेकर विनेश और उनके पति सोमबीर राठी की अधिकारियों से बहस हुई, जिसके कारण मैच कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।

मुकाबले के अंतिम क्षणों में स्कोर 6-6 की बराबरी पर पहुंच गया। नीशू ने आखिरी अंक के लिए चुनौती दी, लेकिन मैट चेयरमैन और जज ने उसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद रेफरी ने विनेश को 7-6 से विजेता घोषित कर दिया। फैसले से असंतुष्ट नीशू ने मैच के बाद विनेश से हाथ भी नहीं मिलाया।

इस ट्रायल से पहले विनेश फोगाट की भागीदारी को लेकर विवाद सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था। कुश्ती से लंबे समय तक दूर रहने का हवाला देते हुए रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) ने उन्हें ट्रायल में शामिल करने से इनकार किया था। हालांकि दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें राहत दी और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद विनेश ट्रायल में हिस्सा ले सकीं।

ट्रायल के दौरान विनेश ने दावा किया कि वजन मापने की प्रक्रिया में उन्हें काफी इंतजार करना पड़ा और कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह अपनी डाइट तक साथ लेकर आई हैं और अभी भी संघर्ष कर रही हैं।

हालांकि ट्रायल में वापसी के साथ उन्होंने अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया, लेकिन सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत के खिलाफ हार के साथ उनका एशियन गेम्स चयन का सपना अधूरा रह गया।

-------------