रोहतक में बाप-बेटे की गोलियों से हत्या: रंजिश में वारदात
- दूसरा बेटा पहले से हत्या के आरोप में जेल में बंद
रोहतक में बाप-बेटे की गोलियों से हत्या: रंजिश में वारदात
- दूसरा बेटा पहले से हत्या के आरोप में जेल में बंद
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
हरियाणा के रोहतक जिले के बलियाणा गांव में शुक्रवार को हुई डबल मर्डर की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव में दिनदहाड़े एक पिता और उसके बेटे की गोलियों से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 58 वर्षीय धर्मवीर और उसके 22 वर्षीय बेटे दीपक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है।
सूचना मिलते ही IMT थाना पुलिस, एफएसएल टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। वारदात के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
कैसे हुई वारदात
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे धर्मवीर अपने घर में मौजूद था। उसी समय 4 से 5 युवक वहां पहुंचे और सीधे घर में घुस गए। बिना कुछ कहे उन्होंने धर्मवीर पर गोलियां दाग दीं। धर्मवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद हमलावर वहां से कुछ ही दूरी पर स्थित दूसरी गली में पहुंचे, जहां धर्मवीर का बेटा दीपक अपने पड़ोसियों के घर में बैठा हुआ था। हमलावरों ने वहां भी अंधाधुंध फायरिंग की। गोली लगने से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपनी गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए।
पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या पिछले साल हुई एक पुरानी रंजिश से जुड़ी हो सकती है। ग्रामीणों के अनुसार, 2024 में गांव के एक युवक की हत्या के मामले में धर्मवीर के बड़े बेटे सागर का नाम आया था। सागर को उस केस में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, और वह फिलहाल वहीं बंद है। गांव में चर्चा है कि इसी हत्या की रंजिश में शुक्रवार को धर्मवीर और दीपक की जान ले ली गई।
ग्रामीणों में भय और आक्रोश
वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कई लोगों का कहना है कि हमलावर खुलेआम हथियार लेकर आए और किसी को कुछ कहने का मौका तक नहीं दिया।
पुलिस जांच जारी
IMT थाना प्रभारी ने बताया कि “परिवार और गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में रंजिश की बात सामने आई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से गोलियों के खोखे और अन्य सबूत जुटाए हैं। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।”
पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--------------