राहुल गांधी का ‘हाइड्रोजन बम’: हरियाणा चुनाव में 25 लाख वोट चोरी का आरोप

- ब्राजील की माडल ने हरियाणा में किया 22 बार मतदान, राई विधानसभा में दस बूथ शामिल

 22
राहुल गांधी का ‘हाइड्रोजन बम’: हरियाणा चुनाव में 25 लाख वोट चोरी का आरोप

राहुल गांधी का ‘हाइड्रोजन बम’: हरियाणा चुनाव में 25 लाख वोट चोरी का आरोप

- ब्राजील की माडल ने हरियाणा में किया 22 बार मतदान, राई विधानसभा में दस बूथ शामिल

टीएचटी न्यूज, नई दिल्ली/रोहतक |

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 25 लाख वोटों की चोरी हुई है, जिसके चलते कांग्रेस की तय जीत को हार में बदल दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने 1 सितंबर को “बीजेपी पर बड़ा हाइड्रोजन बम फोड़ने” की चेतावनी दी थी, और आज वो बम फट चुका है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत राहुल गांधी ने गुरु नानक देव जी का नाम लेकर की और कहा कि वह जो बात कहने जा रहे हैं, वह “100 प्रतिशत सच” है। राहुल ने कहा, “जैसा कि आप सब जानते हैं, हर एग्जिट पोल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलते हुए दिखाया गया था। लेकिन परिणाम इसके उलट आए। पहली बार हरियाणा के इतिहास में पोस्टल बैलेट के नतीजे और अंतिम परिणामों में भारी अंतर देखने को मिला। यह केवल तकनीकी गलती नहीं थी, बल्कि संगठित तरीके से की गई वोट चोरी थी।”

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह चुनावी धांधली “सेंट्रलाइज्ड ऑपरेशन” के तहत हुई। उन्होंने कहा कि यह गड़बड़ी बूथ स्तर पर नहीं बल्कि फॉर्म-6 और फॉर्म-7 के गलत इस्तेमाल के जरिए की गई। फॉर्म-6 का उपयोग नए वोटर जोड़ने के लिए और फॉर्म-7 का उपयोग वोटर लिस्ट से नाम हटाने के लिए किया जाता है। राहुल का दावा था कि इन्हीं फार्म्स के जरिए लाखों फर्जी नाम जोड़े गए और वास्तविक वोटरों के नाम हटाए गए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने एक महिला की तस्वीर भी दिखाई, जिसके बारे में उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया। राहुल ने कहा, “यह महिला एक ब्राजीलियन मॉडल है जिसने हरियाणा में 22 बार वोट डाले — अलग-अलग नामों से। इस महिला ने स्वीटी, रश्मि, विमला और सुनीता जैसे नामों से 10 से अधिक बूथों में वोट डाले।” राहुल ने कहा कि ऐसी हजारों एंट्रियों को मिलाकर लगभग 25 लाख फर्जी वोट डाले गए।

राहुल गांधी ने कहा, “कांग्रेस महज 22,000 वोटों से चुनाव हारी थी, लेकिन यह हार असली नहीं थी। हमारे पास ऐसे डेटा हैं जो साबित करते हैं कि वोट चोरी बूथ स्तर पर नहीं, बल्कि डेटा लेवल पर हुई।”

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “जेन-जेड को यह चोरी देखनी चाहिए”, क्योंकि यह लोकतंत्र की जड़ें हिलाने वाला मामला है। राहुल ने कहा कि चुनाव आयोग को इस पूरे मामले की जांच करनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए।

राहुल के इस आरोप के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने उनके दावे को “राजनीतिक ड्रामा” बताया है और कहा कि कांग्रेस अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस खुलासे को लोकतंत्र की रक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।

हरियाणा की राजनीति में यह बयान अब एक नई बहस को जन्म दे चुका है — क्या वाकई हरियाणा के चुनाव परिणामों में गड़बड़ी हुई थी, या राहुल गांधी ने एक बार फिर राजनीतिक माहौल को गर्माने की कोशिश की है? आने वाले दिनों में यह ‘हाइड्रोजन बम’ सियासत में कितना धमाका करता है, यह देखने वाली बात होगी।

--------------