“गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ: मदवि रोहतक में भव्य लाइट एंड साउंड शो
- नेताओं ने बताया—धर्म और मानवता की रक्षा का अमर प्रतीक”
“गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ: मदवि रोहतक में भव्य लाइट एंड साउंड शो
- नेताओं ने बताया—धर्म और मानवता की रक्षा का अमर प्रतीक”
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
सिखों के नौवें गुरु, ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के उपलक्ष में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के राधाकृष्णन सभागार में तालगढ़ प्रोडक्शन द्वारा भव्य लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्यातिथि तथा लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शो में गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, संघर्ष और बलिदान को दृश्य और ध्वनि प्रभावों के माध्यम से इस प्रकार प्रस्तुत किया गया कि सभागार में मौजूद दर्शक भाव-विभोर हो उठे।
“शीश दिया, पर धर्म नहीं झुकाया” – मंत्री कृष्ण लाल पंवार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी वह महान आत्मा थे जिन्होंने धर्म और मानवता की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि औरंगजेब के अत्याचार और जबरन धर्मांतरण के दौर में गुरु साहिब ने कश्मीरी पंडितों की रक्षा करते हुए दिल्ली के चांदनी चौक में अपना शीश बलिदान कर दिया।
उन्होंने कहा, “गुरु साहिब ने सिर दिया, लेकिन धर्म नहीं झुकाया। उनका बलिदान हमें सत्य, निडरता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।”
मंत्री पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा 1 नवंबर से गुरु तेग बहादुर जी की शहादत पर आधारित विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जा रही है, जबकि राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में होगा।
“शहादत को भुलाने वालों को समय नहीं करता माफ” – सांसद धर्मबीर सिंह
लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी की कुर्बानी भारत की अस्मिता, धार्मिक स्वतंत्रता और मानवता की आधारशिला है। उन्होंने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशी आक्रमणकारियों ने भारत की संपन्नता और संस्कृति पर कई वार किए, लेकिन ऐसे दौर में गुरु तेग बहादुर जी ने अत्याचार के विरुद्ध खड़े होकर सनातन धर्म की रक्षा की।
उन्होंने कहा, “सिख धर्म दुनिया के सबसे अनुशासित और मजबूत धर्मों में से एक है। त्याग और कुर्बानी इसकी आत्मा है। आज की पीढ़ी को गुरु साहिब के आदर्शों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।”
सांसद ने देश और सनातन धर्म को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया।
शहीदी यात्रा का स्वागत और गुरु परंपरा पर प्रकाश
कार्यक्रम में उपस्थित उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मुख्यातिथियों का स्वागत किया और बताया कि 350वीं शहीदी वर्षगांठ के अवसर पर रोहतक में पहुंची शहीदी यात्रा का प्रशासन द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सरदार करनैल सिंह, गुरुद्वारा टिकाणा साहिब के ग्रंथी सरदार दिलबाग सिंह और सरदार परमजीत सिंह ने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, शिक्षाओं और उनकी सर्वोच्च कुर्बानी पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने इस्लाम स्वीकार करने से इनकार करते हुए हिंदू और मानवता की रक्षा के लिए अपना शीश बलिदान किया।
कार्यक्रम में अनेक गणमान्य हुए शामिल
इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, कुलसचिव कृष्णकांत, भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, रेनू डाबला, दीपक निवास हुड्डा, डॉ. अशोक रंगा सहित बड़ी संख्या में संगत और सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाओं को आत्मसात करने और मानवता, धर्म तथा राष्ट्र की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।
-------------