नाम तो सुना ही होगा, फिर काले रंग की स्कार्पियों में भेज दिए बदमाश
- पानीपत में जिला पार्षद पर धमकी देकर जान से मारने के आरोप
- पानीपत में जिला पार्षद पर धमकी देकर जान से मारने के आरोप
टीएचटी न्यूज, पानीपत
पानीपत में एक जिला पार्षद पर अाटो चालक ने धमकी देकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं काले रंग की दो स्कार्पियों में बदमाश घर भेजने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित संदीप उर्फ सन्नी ने बताया कि वह वार्ड 11 का रहने वाला है। आटो रिैक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता है। उसके मोबाइल पर 11 अप्रैल सुबह 11:44 पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि मैं रणदीप कवि बोल रहा हूं, जिसने खुद के जिला परिषद वार्ड दो का पार्षद बताया। उसने कहा कि तू सन्नी बोल रहा है क्या ? उसने कहा कि मैं रणदीप हूं, मेरा नाम तो सुना ही होगा। रणदीप ने कहा कि अपने आप जान जाएगा कि मैं कौन हूं, किसी से पता कर लेना एक बार मेरे से मिल लो।
सन्नी ने कहा कि भाई जब मैं आपको जानता ही नहीं तो क्यों मिलूं। रणदीप ने कहा कि मिलकर ही अपने आप जान जाएगा। उसने पूछा कि कहां मिलूं तो रणदीप ने कहा ऑफिस पर मिल ले। सन्नी ने मिलने के लिए हामी भारी तो रणदीप ने कहा कि या तो तू मुझे खुद मिल ले, नहीं तो मैं अपने आप आ जाऊंगा। सन्नी ने कॉल डिस्कनेक्ट कर दी और उसे ज्यादा सीरियस नहीं लिया। इसके बाद वह अपनी बहन को छोड़ने रेलवे स्टेशन चला गया।
वापस लौटा तो पड़ोस वालों ने बताया कि दो काली स्कॉर्पियो में बदमाश किस्म के व्यक्ति आए थे और तेरा पता पूछ रहे थे। इसके बाद सन्नी ने अपने तौर पर रणदीप कवि का पता किया तो उसे पता लगा कि पानीपत व हरियाणा में सुरेंद्र काला गैंग का मेन शूटर है। इसके बाद वह और उसका परिवार घबरा गया। पीड़ित ने अपनी जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।`
लिखित में शिकायत नहीं मिली: थाना प्रभारी
इस मामले में पानीपत के किला थाना प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि लिखित में शिकायत नहीं दी है। दोनों की अापस में बात हो गई है। अगर शिकायत देंगे तो कार्रवाई की जाएगी।
----------------