प्रेस क्लब ऑफ हरियाणा का गठन, ओपी वशिष्ठ बने अध्यक्ष

गुरुग्राम बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, पवन कुमार बंसल बने मुख्य संरक्षक

 99
प्रेस क्लब ऑफ हरियाणा का गठन, ओपी वशिष्ठ बने अध्यक्ष
प्रेस क्लब ऑफ हरियाणा का गठन, ओपी वशिष्ठ बने अध्यक्ष

प्रेस क्लब ऑफ हरियाणा का गठन, ओपी वशिष्ठ बने अध्यक्ष

- गुरुग्राम बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, पवन कुमार बंसल बने मुख्य संरक्षक

- पत्रकारों के वेलफेयर, एजुकेशन और प्रोटेक्शन पर रहेगा विशेष फोकस

टीएचटी न्यूज, गुरुग्राम, 28 फरवरी।

हरियाणा में पत्रकारों के वेलफेयर, एजुकेशन और प्रोटेक्शन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रेस क्लब ऑफ हरियाणा का गठन किया गया है। गुरुग्राम में शनिवार को वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार बंसल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एक दर्जन से अधिक पत्रकारों ने ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से क्लब के गठन का निर्णय लिया गया।

बैठक में पवन कुमार बंसल को मुख्य संरक्षक (चीफ पैट्रन) मनोनीत किया गया। वहीं ओपी वशिष्ठ को अध्यक्ष, विजेंद्र कुमार को महासचिव, प्रियंका मेहता दुबे को उपप्रधान तथा जोगेंद्र कथूरिया को कोषाध्यक्ष बनाया गया। नवमनोनीत पदाधिकारियों को सभी उपस्थित पत्रकारों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्य संरक्षक पवन कुमार बंसल ने कहा कि क्लब का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के कल्याण, प्रशिक्षण और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ आज विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में पत्रकारों का संगठित होना आवश्यक है। उन्होंने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता पर बल देते हुए कहा कि कई बार अनजाने में हुई त्रुटियों के कारण पत्रकारों को निशाना बनाया जाता है, इसलिए पत्रकारों को अपने सिद्धांतों और आचार संहिता के प्रति सजग रहना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि कई बार पत्रकारों के साथ हादसे होने पर उनके परिवार को समय पर आर्थिक या चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल पाती। ऐसे में सरकार को पत्रकारों के लिए एक विशेष राहत कोष स्थापित करना चाहिए, जिससे जरूरतमंद पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता की जा सके।

क्लब के अध्यक्ष ओपी वशिष्ठ ने बताया कि जल्द ही क्लब का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करेगा। उन्होंने पत्रकारों के लिए कैशलैस मेडिकल बीमा योजना लागू करने तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र पत्रकारों को दी जाने वाली पेंशन में वृद्धि की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्रकार स्वाभिमानी होते हैं और सहायता मांगने से हिचकते हैं, इसलिए सरकार को स्वतः आगे बढ़कर पत्रकार कल्याण की योजनाएं बनानी चाहिए।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई, जो बिना नियमित मेहनताने के अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र कंवारी, सत सिंह, सुरेंद्र भारद्वाज, दीपेंद्र देशवाल, धर्मबीर शर्मा, प्रियंका दुबे मेहता, जोगेंद्र कथूरिया, विक्रम कुमार बनेटा, विजेंद्र कुमार, पवन शर्मा, अमित रुखाया सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए पत्रकार आफ लाइन और आनलाइन उपस्थित रहे।

---------------