मंडियों का दौरा करेंगे भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांपला से शुरुआत; MSP और व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर निशाना

किसानों पर ‘नई-नई शर्तें’ थोपने का आरोप, बेमौसमी बारिश पर मुआवजा और बोनस की मांग

 20
मंडियों का दौरा करेंगे भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांपला से शुरुआत; MSP और व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर निशाना

मंडियों का दौरा करेंगे भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांपला से शुरुआत; MSP और व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर निशाना

- किसानों पर ‘नई-नई शर्तें’ थोपने का आरोप, बेमौसमी बारिश पर मुआवजा और बोनस की मांग

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेशभर की अनाज मंडियों का दौरा करने का ऐलान किया है। इसकी शुरुआत उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र सांपला की अनाज मंडी से की, जहां उन्होंने किसानों, मजदूरों और आढ़तियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हुड्डा ने कहा कि उन्हें लगातार किसानों से मंडियों में अव्यवस्था की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करने की बजाय किसानों पर नई-नई शर्तें थोप रही है। पोर्टल रजिस्ट्रेशन, गेट पास, गारंटर, बायोमेट्रिक, ट्रैक्टर नंबर और वेरिफिकेशन जैसी प्रक्रियाओं में किसान उलझ रहे हैं, जिसके चलते उन्हें फसल बेचने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार की नीतियां किसानों को परेशान कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर बेमौसमी बारिश ने उनकी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में किसानों की स्थिति बेहद कठिन हो गई है। हुड्डा ने मांग की कि सरकार तुरंत स्पेशल गिरदावरी कराकर नुकसान का आकलन करे और किसानों को उचित मुआवजा दे।

इसके साथ ही उन्होंने प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग भी उठाई और कहा कि सरकार को मंडियों की व्यवस्थाएं सुधारकर अनावश्यक शर्तों को हटाना चाहिए ताकि खरीद प्रक्रिया तेज और सुचारू हो सके।

प्रदेशभर की मंडियों का दौरा करेंगे

हुड्डा ने कहा कि किसानों की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए वे खुद प्रदेशभर की मंडियों का दौरा करेंगे। अपने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सांपला के बाद वे नारायणगढ़, साढ़ौरा, बराड़ा और अंबाला का दौरा करेंगे, जबकि अगले दिन पिपली और करनाल की मंडियों का निरीक्षण करेंगे।

साथ ही, उन्होंने कांग्रेस के विधायकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की मंडियों में जाकर किसानों की समस्याएं उठाएं और सरकार व प्रशासन को सचेत करें।

खास बिंदु :

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सांपला मंडी से दौरे की शुरुआत की

प्रदेशभर की मंडियों का करेंगे निरीक्षण

BJP सरकार पर किसानों पर शर्तें थोपने का आरोप

MSP खरीद प्रक्रिया में देरी और अव्यवस्था का मुद्दा उठाया

बेमौसमी बारिश से फसल नुकसान पर मुआवजे की मांग

प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग

कांग्रेस विधायकों को मंडियों में सक्रिय होने के निर्देश

-----------