खेल मंत्री ने की बड़ी कार्रवाई—झज्जर के एथलेटिक्स कोच अजय राठी सस्पेंड
- सुबह 5 बजे स्टेडियम निरीक्षण में कोच नदारद, शिकायतों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई; हालिया हादसों के बाद विभाग में कड़ी सख्ती
खेल मंत्री ने की बड़ी कार्रवाई—झज्जर के एथलेटिक्स कोच अजय राठी सस्पेंड
- सुबह 5 बजे स्टेडियम निरीक्षण में कोच नदारद, शिकायतों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई; हालिया हादसों के बाद विभाग में कड़ी सख्ती
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
झज्जर जिले के गांव खरहर में तैनात एथलेटिक्स कोच अजय राठी को खेल मंत्री गौरव गौतम ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। कई दिनों से कोच द्वारा स्टेडियम में नियमित उपस्थिति नहीं देने की शिकायतें लगातार मंत्रालय तक पहुंच रही थीं। इसी के आधार पर शुक्रवार सुबह खेल मंत्री की विशेष टीम ने सुबह करीब 5 बजे गांव के स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कोच अजय राठी स्टेडियम से नदारद मिले। जब टीम ने फोन पर संपर्क किया, तो वह स्पष्ट और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे सके। टीम के सदस्यों ने बताया कि कोच ने बात करने के दौरान उचित व्यवहार भी नहीं किया। टीम ने पूरी रिपोर्ट खेल मंत्री को भेजी, जिसके आधार पर बिना देरी किए निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया।
हालिया हादसों के बाद खेल विभाग में सख्ती बढ़ी
हरियाणा में हाल ही में लगातार दो बड़ी दुर्घटनाओं—
लाखनमाजरा में बास्केटबाल खिलाड़ी हार्दिक राठी की पोल गिरने से मौत,
और बहादुरगढ़ में अमन की पोल गिरने से मौत—
के बाद खेल विभाग और खेल मंत्री गौरव गौतम गंभीरता से कार्रवाई कर रहे हैं।
इसी सख्ती के तहत इससे पहले रोहतक के खेल अधिकारी को हार्दिक राठी हादसे के बाद निलंबित किया गया था। इसके बाद चंडीगढ़ में हुई हाई-लेवल मीटिंग में भी बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया।
खेल विभाग के अतिरिक्त सचिव आईपीएस नवदीप सिंह विर्क और महानिदेशक आईएएस संजीव वर्मा को भी पदों से हटाकर नई नियुक्तियां की गई हैं। विभाग में व्यवस्था सुधारने और खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
खेल मंत्री ने संकेत दिया है कि जो भी अधिकारी या कोच खिलाड़ियों की सुरक्षा, प्रशिक्षण और मूलभूत सुविधाओं के प्रति लापरवाही करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
--------------