कॅरियर के नए द्वार खोल रहा है एमडीयू का सेंटर फॉर बायोइनफॉर्मेटिक्स

-एमएससी बायोइनफॉर्मेटिक्स तथा पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटेशनल बायोलॉजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी

 20
कॅरियर के नए द्वार खोल रहा है एमडीयू का सेंटर फॉर बायोइनफॉर्मेटिक्स

कॅरियर के नए द्वार खोल रहा है एमडीयू का सेंटर फॉर बायोइनफॉर्मेटिक्स

-एमएससी बायोइनफॉर्मेटिक्स तथा पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटेशनल बायोलॉजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी

- छात्रों को शिक्षण, अनुसंधान और उद्योग के नवीनतम ट्रेंड्स के अनुरूप कर रहा तैयार

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय का सेंटर फॉर बायोइनफॉर्मेटिक्स युवाओं के लिए कॅरियर निर्माण के उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रहा है। आधुनिक जीवन विज्ञान और कम्प्यूटर विज्ञान के समन्वय से जुड़ा यह क्षेत्र आज वैश्विक स्तर पर तेजी से उभर रहा है। एमडीयू का यह केन्द्र छात्रों को शिक्षण, अनुसंधान और उद्योग के नवीनतम ट्रेंड्स के अनुरूप तैयार कर रहा है।

सेंटर फॉर बायोइन्फॉमेटिक्स की निदेशिका डा. महक डांगी ने बताया कि बायोइनफॉर्मेटिक्स आज की सबसे तेजी से बढ़ने वाली मल्टीडिसीप्लिनरी शाखा है। हमारे केंद्र में इंडस्ट्री-कनेक्टेड प्रशिक्षण, रिसर्च प्रोजेक्ट्स और इंटर्नशिप की व्यवस्था है जिससे विद्यार्थी ग्लोबल लेवल पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होते हैं। एमडीयू के सेंटर फॉर बायोइनफॉर्मेटिक्स में अत्याधुनिक कंप्यूटेशनल लैब, हाई-परफॉर्मेंस सर्वर और अनुभवी फैकल्टी मौजूद हैं।

उन्होंने बताया कि सेंटर फॉर बायोइनफॉर्मेटिक्स में एमएससी बायोइनफॉर्मेटिक्स तथा पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटेशनल बायोलॉजी पाठ्यक्रम संचालित हैं, जिनमें प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। एमएससी बायो इंर्फोमेटिक्स में 20 सीटें तथा पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटेशनल बायोलॉजी में 30 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें दाखिले के लिए 26 जून तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता समेत अन्य विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय वेबसाइट पर उपलब्ध प्रॉस्पेक्टस से प्राप्त की जा सकती हैं।

डा. महक डांगी ने बताया कि बायोइनफॉर्मेटिक्स, जिसमें जैविक डेटा का विश्लेषण, जीनोमिक्स, प्रोटियोमिक्स, औषधि खोज, और कंप्यूटेशनल जीव विज्ञान शामिल है, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यावरण और फार्मास्यूटिकल उद्योगों में क्रांति ला रहा है। साथ ही रोजगार की दृष्टि से बायोइनफॉर्मेटिक्स के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। यह पाठ्यक्रम- जैव सूचना विशेषज्ञ, डेटा वैज्ञानिक, जैव तकनीकी उद्योगों में रिसर्च एसोसिएट, फार्मास्युटिकल कंपनियों में औषधि खोज विश्लेषक, एनजीओ व गवर्नमेंट प्रोजेक्ट्स में रिसर्च इंटर्न, शैक्षणिक क्षेत्र में शिक्षण और रिसर्च इत्यादि क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर सुनहरे करियर निर्माण का अवसर प्रदान करता है।

---------